#मिशन_शक्ति_अभियान_6.0’ के तहत #लखीमपुर_खीरी यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: महिलाओं व छात्राओं के सुरक्षित आवागमन हेतु बेलगाम चालकों पर कसा शिकंजा; 13,784 वाहनों के विरुद्ध हुई सख्त प्रवर्तन कार्यवाही


दिनांकः 20 अक्टूबर, 2026

उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति अभियान (फेज-6.0)’ के अंतर्गत जनपद लखीमपुर खीरी में सड़कों पर महिलाओं व छात्राओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अक्सर स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और प्रमुख बाजारों के आसपास तेज रफ्तार से वाहन चलाने, स्टंट करने, अवैध हूटर/प्रेशर हॉर्न बजाकर दहशत फैलाने और मनचलेपन जैसी गतिविधियों से छात्राओं व महिलाओं को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी, डॉ0 ख्याति गर्ग के निर्देशन में यातायात पुलिस खीरी द्वारा ऐसे उपद्रवी और लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़े कदम उठाए गए। इस विशेष अभियान के तहत जनपद में नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 13,784 वाहनों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्यवाही (चालान) की गई है।
प्रमुख कार्यवाहियों का विवरण
  ओवर स्पीडिंग: सड़कों पर अत्यधिक गति से दौड़ने वाले कुल 8,790 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और अनियंत्रित ड्राइविंग पर लगाम कसी जा सके।
  ट्रिपल राइडिंग : दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर फर्राटा भरने वाले कुल 3,900 मामलों में चालान की कार्यवाही की गई।

  स्टंटबाजी : स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक रास्तों पर बाइक से स्टंट कर छात्राओं और राहगीरों में डर पैदा करने वाले 715 मनचले चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
  प्रेशर हॉर्न/अवैध हूटर: ध्वनि प्रदूषण फैलाने, तेज आवाज से राहगीरों को चौंकाने और अनाधिकृत रूप से हूटर/प्रेशर हॉर्न लगाने वाले कुल 379 वाहनों के हूटर उतरवाए गए एवं चालान किए गए।

क्र.सं. अपराध का प्रकार कुल योग
1 प्रेशर हॉर्न/हूटर 379
2 स्टंटबाजी 715
3 ट्रिपल राइडिंग 3900
4 ओवर स्पीडिंग 8790
कुल योग 13784
यातायात पुलिस और स्थानीय थानों की पुलिस टीमों द्वारा विशेष रूप से बालिकाओं के विद्यालयों, डिग्री कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर सुबह और छुट्टी के समय नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका सीधा उद्देश्य यह है कि जनपद की कोई भी छात्रा या महिला रास्ते में स्वयं को असुरक्षित महसूस न करे और निडर होकर अपने गंतव्य तक आ-जा सके।
 लखीमपुर खीरी पुलिस सभी अभिभावकों से विनम्र अपील करती है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें। युवाओं को तेज गति, खतरनाक स्टंट और यातायात नियमों के उल्लंघन के खतरों के प्रति समझाएं। सड़कों पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें, हेलमेट व सीटबेल्ट का प्रयोग करें और महिलाओं व छात्राओं के प्रति मर्यादित व संवेदनशील आचरण रखें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध लखीमपुर खीरी पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
UP Police 
MYogiAdityanath 

---------------X---------------

Comments

Popular posts from this blog

शारदानगर पुलिस द्वारा पूर्व में हुई चोरी का किया खुलासा, माल सहित दो अभियुक्त गिरफ़्तार

धौरहरा पुलिस की सख्त कार्रवाई, शांति भंग में सात गिरफ्तार

तेंदुए के हमले में किसान गंभीर रूप से घायल, मौके पर पहुंचे डीएफओ साउथ तापस मिहिर